मंडी : सराज क्षेत्र के लिए श्रमिक कल्याण बोर्ड की ओर से स्वीकृत 1330 सोलर लैंपों व इंडक्शन हीटरों का वितरण मनरेगा कामगारों को जल्द से जल्द किया जाए। इस बारे में जिला परिषद सदस्य संत राम ने वीरवार को उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर को एक ज्ञापन सौंपा है। संत राम ने बताया कि श्रमिक कल्याण बोर्ड की ओर से मनरेगा कामगारों के लिए 757 सोलर लैंप व 573 इंडक्शन हीटर दिए जाने स्वीकृत किए गए हैं।
बोर्ड की ओर से इन सोलर लैंपों और हीटरों का वितरण 14 सितबंर को सरोआ में होना निश्चित किया गया था। लेकिन ग्राम पंचायत खौली, थाचाधार, घाट, चिउणी, थाटा, भनवास, बूंग जहल गाड, खलवाहण, पंजाईं, काऊ, खणी, माणी, देवधार और बालीचौकी के कामगारों के लिए सरोआ गांव दूर होने के कारण यह वितरण नहीं हो सका। संत राम ने बताया कि सराज अति कठिन व दुर्गम क्षेत्र है। इसकी भौगोलिक परिस्थिति को देखते हुए इन सुविधाओं का वितरण इससे पहले दो-तीन पंचायतों के केन्द्र बनाकर किया जाता रहा है।
उन्होंने कहा कि यह पूरा क्षेत्र सर्दियों में बर्फ से ढंक जाता है। ऐसे में इनका वितरण आने वाले समय में कठिन हो जाएगा। जिसके चलते जल्द से जल्द इन लैंपों। हीटरों का वितरण दो-तीन पंचायतों का एक केन्द्र बनाकर करने की मांग की है ताकि बर्फबारी से पहले मनरेगा कामगारों को इनका वितरण संभव हो सके। इधर, उपायुक्त ने आश्वासन दिया है कि श्रम कल्याण बोर्ड को इन सुविधाओं का वितरण शीघ्र करने के निर्देश जारी किए जाएंगे।