मंडी : पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया है कि राज्य की भाजपा सरकार सत्ता का दुरूपयोग करके उपचुनाव लड़ रही है। धर्मशाला और पच्छाद में सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग किया जा रहा है। यह आरोप उन्होंने कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित गांधी संदेश यात्रा में शामिल होने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में लगाया। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार चाहे जो मर्जी हथकंडे अपना ले लेकिन उपचुनावों में जीत कांग्रेस की होगी।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता भली भांति जान चुकी है कि भाजपा ने चुनावों के दौरान जो सपने दिखाए थे वह सपने ही बनकर रह गए हैं। प्रदेश सरकार को दो साल पूरे होने जा रहे हैं लेकिन सरकार के पास गिनाने के लिए एक भी बड़ी उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की दो सीटों पर हो रहे उपचुनावों में सीधा मुकाबला सत्ता से है। इसमें कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत के साथ लड़कर जीत हासिल करेगी। गांधी संदेश यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए कौल सिंह ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने विश्व भर को सत्य और अहिंसा का संदेश दिया था। आज उनके इस संदेश को जन जन तक पहुंचाने की जरूरत है।
150वीं जयंती पर शहर में जिस रास्ते पर प्रभात फेरी निकाली गई थी उसी रास्ते पर आज गांधी संदेश यात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने सभी से गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने का आहवान किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री प्रकाश चैधरी, मंडी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक शर्मा और सुंदरनगर जिला के अध्यक्ष पवन ठाकुर सहित जिला भर से आए भाजपा नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।