सोलन : हिमाचल कनेक्शन को लेकर देश की धनवान महिला किरण नादर मीडिया में चर्चा की वजह बनी हुई है। दरअसल एचसीएल टैक्नोलॉजी लिमिटेड की मालकिन किरण नादर ने सनावर स्कूल को 10 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। 1966 में सनावर स्कूल ने उस वक्त किरण नादर को दीक्षा दी थी, जब उनकी उम्र 14-15 वर्ष रही होगी।
10 करोड़ रुपए की राशि के उपयोग को लेकर किरण नादर ने सनावर स्कूल से एमओयू भी किया है। रोचक बात यह है कि किरण नादर आज अपने उस सपने को पूरा कर रही है, जिसे वो दीक्षा हासिल करने के दौरान देखा करती थी। इस राशि से स्कूल में लड़कियों के लिए गर्ल्स डॉम बनना है। आप यह भी जानकर हैरान होंगे कि 1 अक्तूबर को मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक किरण नादर की बेटी रोशनी नादर मल्होत्रा को देश की सबसे अमीर महिला के तौर पर भी आंका गया था। इसमें रोशनी की संपत्ति 36,800 करोड़ बताई गई थी।
खुद किरण नादर को इस रैंकिंग में 25,100 करोड़ से तीसरे स्थान पर रखा गया था। एचसीएल कंपनी की मालकिन इस समय 42 देशों में कार्य कर रही है। अमेरिका, फ्रांस व जर्मनी जैसे देशों में भी एचसीएल कंपनी डंका बजा रही है। उल्लेखनीय है कि किरण नादर द्वारा हरियाणा के गुरुग्राम में आधुनिक शिक्षा से लैस ऐसे स्कूल चलाए जा रहे हैं, जहां गरीब बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान करने का प्रावधान है। कुल मिलाकर किरण नादर की दरियादिली खासी चर्चा में है।