मंडी : उपमण्डल धर्मपुर के चसवाल गांव में एक 32 वर्षीय युवक विक्की पुत्र कृष्ण चन्द की सर्प दंश से मौत हो जाने का समाचार है। मिली जानकारी के अनुसार विक्की ने मैनेजमेंट की डिग्री हासिल की थी। वह पंजाब प्रांत के पठानकोट में एक निज़ी कंपनी में कार्यरत था। मृतक के कमरे में रह रहे सहयोगी ने बताया कि गत रात्रि करीब 11 बजे वे दोनों शाम का खाना खाने के बाद सोने चले गए। विक्की को सोती बार लगा कि कोई कीड़ा उसके जिस्म पर रेग रहा है। ज्यूँ ही उसने बिजली जलाई तो उसी समय फन फैलाकर एक जहरीला सांप उसकी एक टांग से लिपटा हुआ था, जिसने मिनटों में विक्की को डंक मार दिया।
दोनों युवकों ने घटना को हल्के से लिया और सांप को मार कर उसका वीडियो बनाने में लग गए और फिर से सोने चले गए। लेकिन रात के करीब 3 बजे विक्की के सारी शरीर में कंपकंपी शुरू हो गई और उसकी तबियत बिगड़ने लगी। यह देखकर उसके साथ रह रहे युवक ने आसपास रहने वाले लोगों को जगाया, उसे सिविल अस्पताल पठानकोट ले गए। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टर ने स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस थाना सरकाघाट को सारी वारदात से परिचित कराया गया।
सरकाघाट पुलिस ने अपने तौर पर आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने पैतृक गांव में उसका अंतिम संस्कार कर दिया है। मृतक की माता करूणा शिक्षा विभाग से वरिष्ठ पुस्तकालय अध्यक्ष के पद से सेवानिवृति हुई हैं। जबकि पिता भी शिक्षा विभाग से कला अध्यापक के रुप में सेवानिवृति हुए हैं। मृतक विक्की अपने पीछे अपनी पत्नी और एक बेटी छोड गया है। विक्की के आकस्मिक निधन पर स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।