बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश में भारी बरसात के कारण सुप्रसिद्ध गोविंद सागर झील में पानी लबालब भरा है। मत्स्य विभाग के अनुसार कई बरसों के बाद गोविंद सागर झील के जलस्तर में इतनी ज्यादा वृद्धि हुई है। मत्स्य विभाग हिमाचल प्रदेश के मुताबिक इस बार गोविंद सागर झील में मछली उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज होगी। जिसके चलते मछली के शौकीनों के लिए एक अच्छी खबर है।
गोविंद सागर झील की मछली जहां हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर के अलावा कोलकाता के लिए भी सप्लाई की जाती है। गोविंद सागर झील में कतला, महाशीर, सिल्वर, सिंघाड़ा, गोल्डन, राहु तरह-तरह की प्रजातियां गोविंद सागर झील में पाई जाती है। हालांकि पिछले कुछ वर्षों से गोविंद सागर झील का जलस्तर काफी कम था, जिस कारण मछली उत्पादन में काफी गिरावट दर्ज की गई है।
मत्स्य विभाग के मुताबिक जलस्तर बढ़ने से इस बार मछली का प्रजजन काफी मात्रा में हुआ हैं। आने वाले समय में गोविंद सागर झील में मछली उत्पादन बहुत ज्यादा बढ़ने के आसार है, जिससे मछुआरे खुश है।