घुमारवीं : जोनल अस्पताल बिलासपुर में अब रात को मरीजों से मिलने जाने वाले तीमारदारों को अब बिना अपनी पहचान बताए अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। यह निर्णय अस्पताल प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लिया है। चिकित्सालय के अधीक्षक डॉक्टर राजेश आहलूवालिया ने बताया कि पिछले दिनों यहां कई वारदातों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों एक महिला नर्स की वर्दी में अस्पताल तक पहुंच गई थी।
जिसको देख कर पुलिस को बुलाना पड़ा था। क्योंकि एक तो वह रात को आई थी व जिस मरीज से मिलने आई थी। वह मरीज अस्पताल में भर्ती ही नहीं था। इसके पूर्व रात के समय एक युवक ने अंदर आकर एक फर्मासिस्ट को थप्पड़ मार दिया था। इस लिए मरीजों की सुरक्षा को लेकर अस्पताल का प्रशासन सतर्क हो गया है।
अब रात 10 बजे के बाद मरीजों के तीमारदारों को इंडोर ओपीडी में जाने और किसी मरीज़ से मिलने के लिए मुख्य गेट पर अपना नाम पता दर्ज करवाना होगा। अपना सुरक्षा कर्मियों के पास अपना नाम पता लिखना होगा। आईडी प्रूफ दिखाना होगा। अगर कोई प्रूफ नहीं है तो अपना नाम पता बताना होगा। अस्पताल के बाकी सभी गेट रात को बंद रहा करेंगे। यह व्यवस्था रात 10 बजे से सुबह सात बजे तक रहेगी।