दिल्ली: दूरदर्शन की नामी एंकर नीलम शर्मा ने संसार को अलविदा कह दिया है। दूरदर्शन प्रबंधन ने ट्विटर पर दोपहर बाद इसकी जानकारी अधिकारिक तौर पर दी। दूरदर्शन में करीब 20 साल के कैरियर के दौरान नीलम शर्मा के कार्यक्रम तेजस्विनी व बड़ी चर्चा काफी लोकप्रिय रहे। 1995 में अपने कैरियर को शुरू करने वाली नीलम शर्मा लोगों के साथ-साथ सहयोगियों में अपने स्वभाव के कारण भी लोकप्रिय थी।
बताया जा रहा है कि नीलम शर्मा एक अरसे से कैंसर से पीडि़त थी। शनिवार शाम को बोधघाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा। मार्च माह में दिवंगत नीलम शर्मा को नारी शक्ति सम्मान से भी अलंकृत किया गया था। इसके अलावा कई अन्य पुरस्कार भी हासिल कर चुकी थी।
दिवंगत नीलम शर्मा मूलतः हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला की भोरंज तहसील की रहने वाली थी, जिनकी शिक्षा दिल्ली में ही हुई थी।