श्री रेणुका जी : बच्चों की चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह बदस्तूर जारी है। ताजा मामला श्री रेणुका जी थाना से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक तीन साधु शनिवार को मानल स्थित आश्रम जा रहे थे। पैदल जा रहे साधुओं को खालाक्यार में लोगों ने घेर लिया। लोगों ने यह समझा कि साधु के भेष में बच्चों को चोरी करने वाले हैं। इसके बाद तीनों को पुलिस के हवाले किया गया।
हालांकि काफी हद तक पहले ही यह तय था कि साधुओं का चोरी वाले गिरोह से कोई लेना-देना नहीं है। क्योंकि पूरे प्रदेश में अफवाह फैलाई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने तीनों साधुओं के आधार कार्ड वेरीफाई किए। साथ ही मानल से गुरु सीताराम जी को भी थाना बुलाया गया। बुद्धिजीवी लोग पुलिस के बार-बार कहने के बावजूद भी अफवाहों को समझ नहीं पा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि चंद रोज पहले माजरा क्षेत्र से भी एक वीडियो सामने आया था।
पुलिस की तस्दीक में यह साबित हुआ कि जिन्हें चोर समझा जा रहा था, वह मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। लिहाजा उन्हें नहीं पता चल रहा था की लोग उनसे कैमरे के सामने क्या बुलवा रहे हैं। यही बात शिमला के धामी से भी शुक्रवार को सामने आई थी। एक ऐसे शख्स का वीडियो बना लिया गया। जिसे हिंदी का ज्ञान ही नहीं था।