नितेश सैनी/सुंदरनगर
जिला के कनैड़ में 42 वर्षीय महिला द्वारा जहर खा कर जान देने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर महिला को तंग व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, जिस पर पुलिस ने धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जिला के कनैड़ में 42 वर्षीय भारती पत्नी जोगिंद्र ने अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जैसे ही परिवार के सदस्यों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने महिला को तुंरत सिविल अस्पताल पहुँचाया। जहां पर महिला की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक रैफर कर दिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर महिला का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के हवाले कर दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया कि सिविल अस्पताल से महिला द्वारा जहरीला पदार्थ निगल लेने की सूचना प्राप्त हुई थी।
पुलिस ने अस्पताल पहुँच कर हालत का जायजा लिया। मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर मृतक महिला को तंग व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।