एमबीएम न्यूज़/ बिलासपुर
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के पिता एवं रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डाॅ. नारायण लाल नड्डा ने अपनी जीवन यात्रा को एक पुस्तक पर उकेरा है। उन्होंने ‘विधि की एक रचना’ शीर्षक नाम से आत्मकथा लिखी है। दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इस पुस्तक का विमोचन किया है।
रांची विश्वविद्यालय में कुलपति के पद से सेवानिवृत्त हुए जेपी नड्डा के पिता डाॅ. नारायण लाल नड्डा सेवानिवृत्ति के बाद बिलासपुर के विजयपुर स्थित अपने आवास में ही रह रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने ‘विधि की एक रचना’ शीर्षक से आत्मकथा लिखी है।
जिसमें उन्होंने अपने जीवन के कई अनछुए पहलुओं को भी सार्वजनिक किया है। वहीं बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यरूप से केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्वनी कुमार चौबे के साथ ही जेपी नड्डा और उनकी धर्मपत्नी डाॅ. मल्लिका नड्डा भी मौजूद रही।