एमबीएम न्यूज़/शिमला
पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी सात दिवसीय प्रवास पर शनिवार को राजधानी शिमला पहुंचे। वह यहां अपने परिवार संग आए हैं। अडवानी शिमला के निकट मशोबरा में एक होटल में रूके हैं। अडवानी के साथ उनकी बेटी व परिवार के अन्य सदस्य भी आए हैं। राज्य सरकार ने अडवानी को राज्य अतिथि का दर्जा दिया है।
अनाडेल हेलिपेड पहुंचने पर सिंचाई और जन स्वास्थ्य मंत्री महेन्द्र सिंह, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, परिवहन और वन मंत्री गोविंद ठाकुर, राज्य भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, पूर्व राज्य सभा सांसद बिमला कश्यप, हिमफैड अध्यक्ष गणेश दत्त तथा नगर निगम शिमला की महापौर कुसुम सदरेट ने आडवाणी का स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि लाल कृष्ण अडवाणी का पार्टी को खड़ा करने व राष्ट्रीय स्तर पर लाने में अहम योगदान रहा है। वह तीन बार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। उन्होंने कहा कि अडवाणी पार्टी के वरिष्ठतम नेता है। उन्होनें पार्टी के लिए हमेशा अपना अनुभव व योगदान दिया है। उनका पार्टी के प्रति समर्पण ही पार्टी को इस मुकाम तक लाया है। अडवाणी जी एक कुशल नेता है तथा उन्हें पद्म विभूषण पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अडवाणी जी के अनुभवों का लाभ पार्टी को हमेशा मिलता रहेगा।