एमबीएम न्यूज़/शिमला
आखिरकार अमित शाह ने अपना वादा निभाया। अमित शाह ने पार्टी अध्यक्ष के रूप में हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव में जयराम ठाकुर को बड़ी जिम्मेदारी देने की बात कही थी, जो सीएम बनाकर पूरा की। इस दफा लोकसभा चुनाव में बिलासपुर की रैली में अमित शाह ने अनुराग ठाकुर को बड़ा नेता बनाने का वादा किया था, जो वीरवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल के गठन के मौके पर पूरा किया है।
अनुराग ठाकुर को केंद्रीय मंत्रिमंडल में बतौर राज्य मंत्री जगह देकर भाजपा ने जता दिया है कि हिमाचल प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दूसरा घर है। अनुराग ठाकुर ने करीब 8:38 बजे केंद्रीय राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। विभाग का फैसला बाद में ही होगा।
12 मई को अमित शाह ने कहा था :https://bit.ly/2JFrYjf
अनुराग को केंद्रीय राज्य मंत्री पद मिलने से लोगों में खुशी है। अनुराग ठाकुर का हिमाचल ही नहीं, पूरे देश के युवाओं में तगड़ा क्रेज है। उन्हें युवाओं का नेता माना जाता है। बहुत छोटी सी उम्र में वह पहली बार सांसद बने थे। इसके बाद बीसीसीआई के अध्यक्ष भी बने। लोकसभा में मुख्य सचेतक की भूमिका निभाई। अब जाकर उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली है।
अनुराग चौथी मर्तबा हमीरपुर संसदीय सीट से चुनाव जीते हैं। अनुराग की सियासी पारी वर्ष 2008 में हमीरपुर संसदीय सीट से शुरू हुई, उसके बाद उन्होंने वर्ष 2009 व 2014 के आम चुनावों में भी जीत दर्ज करवाई। अबकी मर्तबा उन्होंने लगातार चौथी मर्तबा हमीरपुर संसदीय सीट से भारी मतों के अंतर से चुनाव जीता।
25 साल की उम्र में अनुराग हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने थे। वह बीसीसीआई के अध्यक्ष होने के साथ-साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा के भी अध्यक्ष रहे हैं। उनके पिता प्रेम कुमार धूमल दो मर्तबा हिमाचल के सीएम रह चुके हैं। छोटे से पहाड़ी राज्य को पार्टी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष का अहोदा मिलने की भी उम्मीद है।