एमबीएम न्यूज़/शिमला
कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी कल सोमवार को ठियोग में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करने नहीं आएंगी। एसपीजी ने सुरक्षा कारणों से प्रियंका की इस प्रस्तावित रैली पर रोक लगा दी है। यह रैली ठियोग के पोटेटो ग्राउंड में होनी थी। एसपीजी ने रविवार को रैली स्थल का दौरा किया और पोटेटो ग्राउंड को रैली के लिए नाकाफी बताया।
सूत्रों के मुताबिक ठियोग पोटेटो ग्राउंड का स्थल छोटा है। एसपीजी ने जरूरत से अधिक लोगों के रैली में जुटने की आशंका से रैली पर रोक लगाने का फैसला किया। अब कांग्रेस के राज्य स्तरीय नेता पोटेटो ग्राउंड में प्रियंका की अनुपस्थिति में कल रैली को सम्बोधित करेंगे। इससे पहले प्रियंका का ठियोग में रोड शो का कार्यक्रम था, लेकिन एसपीजी ने सुरक्षा कारणों से रोड शो के आयोजन से इनकार कर दिया था।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के राजनितिक सचिव हरि कृष्ण हिमराल ने बताया कि ठियोग में अब सोमवार को जिलास्तर की रैली का आयोजन होगा, जिसमें शिमला जिला के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को आलू मैदान ठियोग में लाया जाएगा और इस रैली को हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व शिमला संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार धनी राम शांडिल संबोधित करेंगे।
वहीं रैली की तैयारियों में जुटे जिला शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने बताया कि सभी ब्लाॅक अध्यक्षों व शिमला जिला के कांग्रेस विधायकों को रैली की सफलता के लिये टारगेट दे रखा है और यह रैली अब तक की सबसे सफल और एैतिहासिक रैली साबित होगी।