दिनेश कुंडलस/नाहन
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लंबे अरसे से जानते हैं। उन्होंने कहा कि वो देश के लिए जीते हैं। उन्होंने कहा कि वैसे तो नरेंद्र मोदी ही सत्ता में लौट रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी यह समझ लें कि अगर सत्ता में नहीं भी हुए तो कश्मीर भारत से जुदा नहीं होगा। शाह ने कहा कि मोदी सत्ता में लौटते ही कश्मीर से धारा-370 को हटाएंगे।
नाहन के चौगान मैदान में शिमला संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि मोदी फिर प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। इसका नतीजा 23 मई को आ जाएगा। शाह ने कहा कि देश की सवा सौ करोड़ की आबादी चाहती थी कि कोई ऐसा नेता मिले जो उनकी समस्याओं को समझे। शाह ने कहा कि गरीबों की कसौटी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खरा उतरने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि अगर देश में एक गरीब मां अपने बच्चों को बचा पाई है तो यह नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से ही संभव हुआ है।
शाह ने कहा कि हिमाचल में पार्टी के संगठन को सींचने का कार्य मोदी ने किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के चप्पे-चप्पे से वाकिफ हैं। शाह ने कहा कि नाहन का मेडिकल कॉलेज व सिरमौर आईआईएम मोदी सरकार की ही देन है। उन्होंने कहा कि महत्वकांशी योजना की वजह से 3 लाख से अधिक लोगों को इलाज की सुविधा हासिल हुई। उन्होंने कहा कि देश में 6 दशक तक राज करने वाली कांग्रेस सरकार ने सैनिकों के लिए वन रैंक-वन पेंशन नहीं दी, लेेकिन मोदी सरकार ने महज एक साल में ही इसे लागू कर दिया। शाह ने कहा कि अगर वो मोदी सरकार की उपलब्धियों का पूरा जिक्र करेंगे तो लंबा वक्त लग जाएगा।
शाह ने कहा कि 1990 से लोग चाहते थे कि देश में एक ऐसी सरकार आए जो आतंकवाद से देष को मुक्त करवाए। इसकी कसौटी पर भी मोदी सरकार खरा उतरी है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल बाबा कान खोल कर सुन लो, अगर पाकिस्तान से गोली आएगी तो भारत से गोला जाएगा। शाह अपने संबोधन के दौरान बीच-बीच में पंडाल में मौजूद जनसमूह में भी जोश भरते रहे। संबोधन में पंडाल में मौजूद जनसमूह से शाह ने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दे सकता है तो जवाब में न की बात कहकर कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सुरेश कश्यप के पक्ष में वोट मांगते हुए कहा कि सुरेश की जीत से नरेंद्र मोदी मजबूत होंगे। संबोधन के दौरान पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की घोषणाओं की भी प्रशंसा की। जहां तक जनसमूह का सवाल था तो बीजेपी के तेजतर्रार नेता डॉ. राजीव बिंदल सम्मानजनक भीड़ जुटाने में सफल रहे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 3ः40 बजे के आसपास चौगान मैदान में पहुंचे। 15 मिनट के भीतर ही मंच से संबोधन शुरू कर दिया। इससे पूूर्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सिरमौरी लोईया व डांगरा भेंट किया गया। सिरमौर की संस्कृति का प्रतीक लोईया को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शाह को पहनाया। मंडल अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा ने भी शाह को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शाह के पहुंचने से करीब 45 मिनट पहले ही पंडाल में पहुंच गए थे। करीब 55 मिनट ही शाह मंच पर रहे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ट्रांसगिरि के मुद्दे को नहीं छुआ। जबकि 2014 की चौगान में रैली के दौरान राजनाथ सिंह ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा था कि एनडीए की सरकार बनने की सूरत में इस मुद्दे को हल किया जाएगा।