शिमला (एमबीएम न्यूज) : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से सिरमौर जिला की एक सांस्कृतिक संस्था चुडे़श्वर लोक नृत्य सांस्कृतिक मण्डल, जालग के एक प्रतिनिधिमण्डल ने मण्डल के मुख्य सलाहकार विद्या नन्द सरैक की अध्यक्षता में भेंट की तथा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 41 हजार रुपये का चैक मुख्यमंत्री को भेंट किया।
इस सांस्कृतिक संस्था ने हाल ही में राजगढ़ के हाबन क्षेत्र में मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए धन जुटाने के लिए एक चैरिटी शो का आयोजन किया था।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस पुनीत कार्य के लिए संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह धनराशि गरीब व जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए सहायक होगी।
संस्था के अध्यक्ष जोगिन्द्र हाबी और मुख्य सलाहकार विद्या नन्द सरैक ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष समाज सेवा का एक ऐसा मंच है, जिसके माध्यम से साधनहीन और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का सौभाग्य प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि यद्यपि कलाकार वर्ग अपनी रोजी-रोटी के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता है, परन्तु मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए कार्यक्रम आयोजित करके जो सन्तोष प्राप्त होता है, उसका शब्दों में बखान करना संभव नहीं है।
इससे पूर्व भी यह संस्था सुनामी, बाढ़ व भूकम्प पीडि़तों की सहायता के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करती रही है। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव विनय कुमार व संस्था के सदस्य ओम सिंह वर्मा, कुंदन सिंह ठाकुर और गोपाल हाबी सहित अन्य सदस्यगण भी उपस्थित थे।