एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत शुक्रवार से स्टार वार शुरू हो जाएगा। भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज राष्ट्रीय नेता चुनाव प्रचार में कूदेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सूबे में तीन रैलियाँ करेंगे। इसके अलावा प्रियंका गांधी के दो संसदीय क्षेत्रों शिमला और मंडी में रोड शो होंगे। कांग्रेस की राज्य प्रभारी रजनी पाटिल ने आज शिमला में प्रेस वार्ता में कहा कि राहुल गांधी की पहली रैली में 10 मई को हमीरपुर लोकसभा के ऊना में होगी।
सोलन व मंडी में भी राहुल गांधी का कार्यक्रम बन रहा है। जिसकी तिथि तय नही हुई है। उनकी रैलियां हरियाणा में 11 मई को होने वाले चुनाव के बाद होंगी। साथ ही 12 व 13 मई को गुलाम नवी आजाद भी प्रदेश में आएंगे। वह चंबा व शिमला में पत्रकार वार्ता करेंगे। इसके अलावा भी देश के कई दिग्गज नेता हिमाचल प्रचार में आएंगे।कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र का उल्लेख करते हुए रजनी पाटिल ने कहा कि देश की जनता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी पांच करोड़ गरीबों को 72 हजार सालाना देगी। इसका पैसा घर की महिला के खाते में जमा होगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बौखलाहट में अनाप-शनाप बोल रहे है।
पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी के ऊपर पीएम के बयानों से लगता है कि मोदी अपना मानसिक संतुलन खो बैठे है व उनको अपनी हार सामने दिख रही है।रजनी पाटिल ने शिमला व बिलासपुर में हुए रेप मामलों पर सूबे के कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिमाचल में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। यहां महिलाएं सुरक्षित नहीं है। बीते 10 साल के आंकड़ों के आधार पर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद 2018 सबसे ज्यादा 248 रेप केस दर्ज हुए, इसी तरह महिलाओं के खिलाफ अन्य अपराध सहित अपहरण के मामलों में भी बढ़ौतरी हुई है। जिससे साफ है कि भाजपा सरकार के दौरान कानून का डर अपराधियों के दिलों से निकल चुका है।