एमबीएम न्यूज़/शिमला
विंटर सीजन में खूब बर्फबारी के बाद पहाड़ों की रानी शिमला में शुक्रवार को ओलों की बरसात हुई। दोपहर के वक्त हुई जोरदार ओलावृष्टि से शहर सफेद हो गया। करीब एक घंटे हुई भारी ओलावृष्टि से एतिहासिक माॅल रोड और रिज मैदान सहित यहां की सड़कें,रास्ते और घर इत्यादि सफेद रंग में रंग गईं और बर्फ की तरह सफेद चादर बिछ गई। भारी ओलावृष्टि के बाद शहर का बर्फीला नजारा लोगों को खूब भाया और पर्यटक रिज मैदान पर बाहर निकल ओलों के साथ सेल्फी लेते नजर आए। साथ ही सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी जमकर पोस्ट की।
मौसम के तेवरों ने शहरवासियों को भी दंग कर दिया। दरअसल सुबह से दोपहर तक आज मौसम एकदम साफ बना हुआ था और लोग गुनगुनी धूप का लुत्फ उठा रहे थे। लेकिन दोपहर बाद तीन बजे मौसम के मिजाज अचानक बदल गए और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू हो गई। एकाएक ओले गिरने लग गए। ओलावृष्टि का दौर एक घंटे तक चला और पूरा शहर सफेद हो गया। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। उधर, राज्य के उच्च पर्वतीय इलाकों में बीते 24 घंटों के दौरान बर्फबारी दर्ज की गई।
किन्नौर के कल्पा में 35,भरमौर में 30, कोठी में 17,खदराला में 10, डल्हौजी में 7 और पूह में 5 सेंटीमीटर बर्फ गिरी। लाहौल-स्पीति के केलंग में न्यूनतम तापमान -9.6 डिग्री, किन्नौर के कल्पा में -4.6, मनाली में -1.6, कुफरी में -1.1 और शिमला में 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश, बर्फबारी व ओलावृष्टि हो रही है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान मौसम साफ बना रहेगा। लेकिन 17 से 21 मार्च तक पर्वतीय इलाकों में फिर बारिश व बर्फबारी हो सकती है। मैदानी इलाकों में भी 19 व 20 मार्च को मौसम खराब रहेगा।