वी कुमार/मंडी
भाजपा में टिकट के जो दावेदार लिस्ट जारी होने का इंतजार कर रहे हैं उन्हें इसके लिए आचार संहिता लगने का इंतजार करना होगा। भाजपा आचार संहिता लगने के बाद अपने प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी। इस बात की जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं हिमाचल भाजपा के प्रभारी तीरथ सिंह रावत ने मंडी में दी। बुधवार को मंडी में जिला भाजपा के साथ बैठक करने के बाद पत्रकारों से रूबरू हुए तीरथ सिंह रावत से जब पूछा गया कि प्रत्याशियों के नाम कब तक तय हो जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आचार संहिता लगने के बाद ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभी भाजपा का शीर्ष नेतृत्व चुनावों की तैयारियों में व्यस्त है। इस पर अभी कोई विचार नहीं किया जा रहा। आचार संहिता लगने के बाद यह तय होगा कि किसे कहां से चुनावी रण में उतारा जाए। भाजपा के मौजूदा सांसद अच्छा काम कर रहे हैं। मगर टिकट किसे देना है इसका फैसला भाजपा का संसदीय बोर्ड ही तय करेगा। तीरथ सिंह रावत ने कहा कि पन्ना प्रमुख और मेरा परिवार भाजपा परिवार के बाद अब भाजपा दीप उत्सव का आयोजन करने जा रही है।
26 फरवरी को सभी भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और नेता अपने घरों में दिए जलाएंगे। इसके साथ ही उन परिवारों के घरों पर भी दिए जलाए जाएंगे। जिन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ उठाया है। उन्होंने बताया कि इसके बाद 2 मार्च को देश भर में युवा मोर्चा बाइक रैली का आयोजन करेगी। जोकि एक ऐतिहासिक और रिकार्डतोड़ रैली होगी। इस मौके पर मंडी के सांसद राम स्वरूप शर्मा, विधायक इंद्र सिंह गांधी, भाजपा के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह, राम सिंह और महामंत्री चेत राम व पंकज जम्वाल सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।