वी कुमार/मंडी
सरकाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत पौंटा में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब यहां रह रहे कश्मीरियों के क्वार्टर पर शरारती तत्वों ने पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिए। घटना आज शाम की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पौंटा पंचायत ने प्रस्ताव पारित करके कश्मीरियों के रहने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस फरमान के बाद पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गांव वाले पंचायत में रह रहे कश्मीरियों को इसकी सूचना देने के लिए उनके क्वार्टर पर गए हुए थे। सभी ने कश्मीरियों को उनका इलाका छोड़ने को कहा। इस दौरान किसी शख्स ने उनके क्वार्टर पर पत्थर मार दिया। जिसके बाद माहौल थोड़ा तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है। उसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी कश्मीरी सुरक्षित हैं। पंचायत ने उन्हें इलाका छोड़ने को कहा है। गुरदेव शर्मा ने बताया कि किसी की निजी संपति को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं। इस बारे में पूरी जांच पड़ताल की जा रही है।