वी कुमार/मंडी
जंगल के शार्टकट रास्ते से होकर अपने घर जा रहे 51 वर्षीय सुभाष की गोली लगने के कारण मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि गोली जंगल में घात लगाकर बैठे किसी शिकारी ने चलाई है। घटना मंडी जिला के बल्ह उपमंडल के तहत आने वाले मेहसड़ा जंगल की है, जोकि ग्राम पंचायत गलमा में है। मिली जानकारी के अनुसार सुभाष रोजाना की तरह जंगल के शार्टकट रास्ते से होकर अपने घर की तरफ जा रहा था। तभी जंगल में घात लगाकर बैठे शिकारी ने गोली चला दी और सुभाष इसकी चपेट में आ गया।
घायल अवस्था में सुभाष को मेडिकल कॉलेज नेरचौक लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। गोली चलाने वाले की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि गोली किसने चलाई इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है, जबकि बल्ह थाना पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
बता दें कि सुभाष मूलतः जोगिंद्रनगर का रहने वाला था। यहां पर पत्थर छिलाई का काम करता था।