एमबीएम न्यूज़/शिमला
चौपाल उपमंडल में एक बोलेरो के असंतुलित होकर गहरी खाई में लुढ़कने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और चालक जख्मी हुआ है। हादसा बीती रात लालपानी नामक स्थान पर हुआ। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक बोलेरो (एचपी-08ए 1969) में सवार दो व्यक्ति चौपाल से नेरवा की तरफ जा रहे थे। इसी बीच लालपानी में चालक ने बोलेरो पर से नियंत्रण खो दिया।
यह करीब 200 फुट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की जानकारी मिलने पर चौपाल थाना की टीम मौके पर पहुंची। हताहतों को खाई से बाहर निकाला। चौपाल के डीएसपी संतोष शर्मा ने बताया कि इस की पहचान लोकेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायल का नाम मोहन देस्टा है।
घायल को नेरवा अस्पताल में दाखिल किया गया है। बोलेरो को मोहन ही चला रहा था। लोकेंद्र सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। वहीं इस संबंध में मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।