एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान आज भारी हंगामा हुआ। पार्टी के कार्यालय राजीव भवन में दोपहर बाद वीरभद्र सिंह और सुक्खू समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक कार्यकर्ता चोटिल हुआ है। उसे अस्पताल ले जाया गया है। इस घटना से कार्यालय में तनावपूर्ण माहौल बन गया। घटना उस वक्त घटी जब राजीव भवन के हॉल में राठौर पदभार ग्रहण करने पहुंचे। इस बीच एक कार्यकर्ता ने सुक्खू के समर्थन में नारे लगा दिए, जिससे हॉल में मौजूद वीरभद्र सिंह के समर्थक भड़क गए।
वीरभद्र सिंह के समर्थकों ने नारेबाजी करने वाले कार्यकर्ता पर कुर्सी से हमला बोल दिया। इससे कार्यकर्ता बुरी तरह चोटिल हो गया। उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। इस घटना से वहां तनावपूर्ण स्थिति बन गई। बाद में घायल कार्यकर्ता को अस्पताल ले जाया गया। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, वीरभद्र, सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता भी इस दौरान कार्यालय में मौजूद थे। इससे पहले नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के स्वागत में चौड़ा मैदान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इसमें बड़ी तादाद में उमड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी संगठनात्मक ताकत का एहसास करवाया।
https://youtu.be/DOIxW23RmsI
इस समारोह में वीरभद्र सिंह, कांग्रेस पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और विधायकआशा कुमारी समेत पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद रहे। खास बात यह रही कि अध्यक्ष पद से हटाए गए सुखविंदर सिंह सुक्खू इन पूरे आयोजन से नदारद रहे विभिन्न क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 11 बजे चौड़ा मैदान पर एकत्रित हुए। यहां वीरभद्र, पाटिल, मुकेश अग्निहोत्री, कौल सिंह सहित अन्य नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया। वहीं नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राठौर जनसभा को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने इस नियुक्ति के लिए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का धन्यवाद किया।
राठौर ने कहा कि मैं एक आम कार्यकर्ता हूँ। मैंने पूर्व की कांग्रेस सरकार में किसी भी पद की इच्छा नहीं जताई। उन्होंने कहा कि लोकसभा का चुनाव दहलीज पर है, ऐसे में समय कम है और अब सीधा चुनावी मैदान में जंग के लिए उतरना है। राठौर ने कहा कि उन्हें राहुल गांधी का कॉल आया। बताया कि मुझे कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि वह इस नई जिम्मेवारी पर खरा उतरने और लोस चुनाव में चारों सीटें कांग्रेस की झोली में डालने की पुरजोर कोशिश करेंगे।
कांग्रेस की इस रैली का शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी असर देखा गया। दरअसल पुलिस ने बालूगंज-चौड़ा मैदान-विस के बंधित मार्ग को वाहनो के लिए बंद रखा। इससे ओल्ड बस स्टैंड व न्यू बस स्टैंड के मुख्य मार्ग पर वाहनों का भारी दवाब रहा। बंधित मार्गों पर चलने वाली एचआरटीसी की टैक्सियों को भी मुख्य मार्ग से घूम कर सीटीओ जाना पड़ा।