एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल कांग्रेस में वीरभद्र सिंह और सुखविंदर सिंह सुक्खू समर्थकों के बीच चल रही जुबानी जंग में अब युवा कांग्रेस भी कूद पड़ी है। युवा कांग्रेस के आधा दर्जन से अधिक पदाधिकारियों ने बुधवार शाम वीरभद्र सिंह के पक्ष में बयान जारी किया है। युकां पदाधिकारियों ने कांग्रेस के उन नेताओं पर जवाबी हमला बोला है, जिन्होंने सुक्खू का बचाव करते हुए वीरभद्र सिंह के खिलाफ टिप्पणियां की हैं।
युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव दीपक खुराना, प्रवीण ठाकुर व सोनू शर्मा, महासचिव दिनेश चोपड़ा, शिमला ग्रामीण युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अमित कोहली, प्रवक्ता राहुल चौहान, रामपुर युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर सिंह ठाकुर और युकां नेता वीरेंदर बांशतु ने कहा है कि वीरभद्र सिंह ने विकट हालातों में जिस तरह कांग्रेस पार्टी को सींचा है, वह किसी से छिपा नहीं है। जब कांग्रेस के पास अपना दफ्तर तक नहीं था, उस वक्त वीरभद्र सिंह ने अपने घर से कांग्रेस का दफ्तर चलाया था। युकां नेताओं ने कहा कि वीरभद्र सिंह पर अनाप-शनाप टिप्पणियां करने वालों को पहले अपना कद देखना चाहिए।
पार्टी के जो नेता वीरभद्र सिंह पर उंगली उठाने की हिम्मत कर रहे हैं, उन्हें वीरभद्र सिंह ने ही सियासत का पाठ पढ़ाया है। ये नेता आज वीरभद्र सिंह के विरुद्ध सार्वजनिक तौर पर आधारहीन बातें कर रहे हैं। लेकिन वे जान लें कि वीरभद्र सिंह के बिना नैया पार नहीं लगेगी। युकां के पदाधिकारियों ने आगे कहा कि वीरभद्र सिंह न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के सम्मानित नेता हैं। कांग्रेस के छुटभैये नेताओं को उनके खिलाफ अशोभनीय बयान देने से बाज़ आएं, अन्यथा इसे सहन नहीं किया जाएगा।