श्री रेणुका जी (एमबीएम न्यूज) : रविवार शाम वाइल्ड लाइफ के आरओ सहित एक कर्मचारी पर हमला करने वाले दो हरियाणवी युवक पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं। जबकि इस मामले में संलिप्त 2-3 अन्य युवा अब भी फरार है। यह आरोपी रात को जंगल में अंधेरा का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में 18 वर्षीय शुभम व 20 वर्षीय साजिद निवासी यमुनानगर को देर शाम ही हिरासत में ले लिया गया था। 2-3 साथी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। उल्लेखनीय है कि आरओ राम कुमार व कर्मचारी बेसूराम पर यह हमला उस वक्त हुआ था, जब हरियाणा से आए कुछ युवा रेणुका सिंह विहार में वन्यप्राणियों से छेड़छाड़ कर रहे थे। उन्हें ऐसा करने से रोका गया।
इस हमले में आरओ व कर्मचारी बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों को आज दोपहर बाद अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने इस घटना को लेकर आईपीसी की धारा 147, 149, 353, 332 के तहत मामला दर्ज किया था।