एमबीएम न्यूज़/नाहन
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े 57 वर्षीय संजय गुप्ता का मंगलवार तड़के दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। मिलनसार स्वभाव के गुप्ता के निधन से हर कोई स्तब्ध है। सिरमौर भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता के रिश्ते में संजय गुप्ता चचेरे भाई थे। जो अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। 25 अप्रैल 2018 को पत्रकार संजय गुप्ता उत्तर प्रदेश के कानपुर के समीप एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें एयर एंबुलेंस के माध्यम से गंगा राम अस्पताल दिल्ली लाया गया। करीब साढ़े 5 महीने तक वहां दाखिल रहने के बाद उन्हें चंडीगढ़ के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था।
सिरमौर भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता के मुताबिक रविवार को हालत अस्थिर होने पर उन्हें वापस दिल्ली ले जाया गया। मगर आज सुबह उनका निधन हो गया। सनद रहे कि सड़क हादसे में संजय गुप्ता को सिर पर गहरी चोटें आई थी। इसके बाद से स्थिति में सुधार नहीं आया। बीजेपी अध्यक्ष विनय गुप्ता के मुताबिक मंगलवार शाम 4:00 बजे त्रिलोकपुर में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। उधर सिरमौर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने संजय गुप्ता के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। पदाधिकारियों ने कहा कि दुख की इस घड़ी में तमाम सदस्य परिवार के साथ खड़े रहे।