नाहन (एमबीएम न्यूज) : हिमजन मंच सांस्कृतिक संस्था की ओर से रविवार देर शाम को एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका सहयोग भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्षा सत्या परमार रही। उन्होंने अपने संबोधन में पहाड़ी लोक संस्कृति को सहेज कर रखने वाले कलाकारों तथा आयोजकों की प्रशंसा की। साथ ही कहा कि लोक कलाकारों को समुचित सुविधाएं मिलें इसके लिए वह मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से अनुरोध करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान पहाड़ी लोक संस्कृति से जुड़ी झलकियां देखने को मिली। कलाकार प्रेम बावनली, लोक गायक राजेश मलिक, राजेंद्र रंगवाल व जोगिंद्र धीमान, इंद्र शर्मा ने श्री रेणुका वंदना से सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने….आपणे ओंदे रे सिंदुए साजी टिकरी….गीत प्रस्तुत कर समां बांधा। सरला चौहान के गीत…सुले सुले तू बरसे शावणा गीत प्रस्तुत कर खूब मनोरंजन किया। इसके अलावा कार्यक्रम में महासवुई, चंबयाली तथा डोगरी गीतों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। जबकि शक्ति लोक नाट्य समूह ने स्वच्छता पर कचरा नगरी नाटक पेश किया।
कार्यक्रम में पधारने के लिए हिमजन मंच के समन्वयक केएस नेगी एवं शक्ति संस्था की निदेशक कामिनी जसवाल ने दर्शकों एवं गणमान्य लोगों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में मंच संचालन शालिनी ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक कुश परमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।