एमबीएम न्यूज़/शिमला
घर आए एक मेहमान ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए घर की एक नाबालिग किशोरी से दरवाजा बंद कर दुष्कर्म किया और फिर फरार हो गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को धर दबोचा। आरोपी युवक के खिलाफ बलात्कार की धाराओं के अलावा पोक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पीड़िता 14 साल की है। आरोपी मूलतः हरियाणा का रहने वाला है। वह कुडडू इलाके में किराए के मकान में रहता था। आरोपी पेशे से मैकेनिक है। मामला जुब्बल थाना क्षेत्र का है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार छह माह पहले वह पीड़िता के मकान में किराएदार था।
15 अक्तूबर की रात्रि आरोपी जुब्बल में पीड़िता के पिता को मिल गया। पुरानी जान-पहचान होने के कारण पीड़िता के पिता उसे रात को अपने घर ले आए। मध्यरात्रि मौका पाकर आरोपी नाबालिग किशोरी को देखकर उसके कमरे में घुस गया और अन्दर से दरवाजा बंद कर हैवानियत की सारी हदें पार कर ली। दुष्कर्म के बाद नाबालिग किशोरी को बेहोशी के हालत में ही छोड़ कर फरार हो गया। अगले दिन सुबह पीड़िता ने परिजनों को अपने साथ हुई हैवानियत के बारे में अवगत करवाया।
इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। जुब्बल पुलिस ने आज तड़के आरोपी को कुडु में उसके किराए के आवास से गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी का नाम पवन कुमार है। मूलतः वह हरियाणा का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 451, 323 और 376 व पोस्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।