एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल विधानसभा के गुरूवार को शुरू हुए मानसून सत्र में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सदन की कार्रवाई शुरू होते ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर पर शोक प्रस्ताव पेश किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अटल जी की छवि एक जननायक नेता की थी और राजनीतिक विरोधी भी उनका सम्मान करते थे।
वह सदन में जब भी बोलते थे तो उनकी बातों को विपक्ष गंभीरता से लिया करता था। उन्होंने कहा कि अटल जी के जीवन से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। वह विकट परिस्थितियों में कभी भी विचलित नहीं हुए तथा नई पीढ़ी के राजनेताओं के लिए उनका जीवन हमेशा प्रेरणा देने वाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहतांग टनल अटल की ही देन हैं। आज यह टनल तैयार होने वाली है, लेकिन बहुत पीड़ा की बात है कि इस अवसर पर अटल जी नहीं हैं। अटल जी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना हिमाचल के लिए वरदान बनी और गांवों-गांवों में सड़कों का जाल बिछ गया।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने अटल जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका कोई राजनीति शत्रु नहीं था, इसीलिए उन्हें अजातशत्रु के नाम से जाना जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कांग्रेस दल से संबंध होने के बावजूद अटल जी इन्हें काफी सम्मान दिया करते थे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अटल जी ने अंतराष्ट्रीय मंचों पर भारत के पक्ष को मजबूती से रखा।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि अटल जी का जनजातीय इलाकों के प्रति खासा लगाव था और उनके कार्यकाल में पहली बार जनजातीय मंत्रालय का गठन हुआ। पहाड़ी राज्यों के लिए वे कई योजनाएं लेकर आए। हिमाचल को औद्योगिक पैकेज दिया गया, जिससे यहां बड़ी तादाद में युवाओं को रोजगार मिला। अटल जी अपनी सोच व कार्यपद्वति के कारण विश्व नेता के रूप में उभरे तथा उनके निधन से पूरा विश्व स्तब्ध है। यही कारण है कि अमेरिकी अखबार वाशिंगटन पोस्ट और पाकिस्तान की अखबार डॉन ने अटल जी की मृत्यु पर अपने लेखों में शोक प्रकट किया।
कांग्रेस विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि अटल जी ने रोहतांग टनल की परिकल्पना की थी। पूर्व कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने साल 2010 में रोहतांग टनल का शिलान्यास कर इसके लिए धनराशि मंजूर की और अब आठ साल बाद रोहतांग टनल के बनने से अटल जी की यह परिक्लपना सफल हो रही है।
परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने अटल जी को बहुमूखी प्रतिभा का धनी बताया और उनके मनाली के प्रीणी गांव में अपने आशियाने के दौरे से जुड़े संस्मरणों का सदन में उल्लेख किया तथा कहा कि वह जब भी प्रीणी आया करते थे, तो वहां पर स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं से बड़ी सादगी से मिलते थे। भाजपा के नरेंद्र बरागटा, कांग्रेस के सुंदर सिंह ठाकुर, भाजपा के रमेश धवाला और स्पीकर राजीव बिंदल ने भी शोकोदगार में हिस्सा लिया और दिवंगत नेता को याद किया तथा दो मिनट का मौन रखा गया।
सदन में प्रदेश की पूर्व राज्यपाल उर्मिला सिंह, पूर्व विधानसभा सदस्य दिलेराम, वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर के निधन, राज्य में बारिश से मारे गए लोगों और केरल की बाढ़ के मृतकों को भी श्रद्वांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सदन की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
Latest
- ऊना : संदिग्ध अवस्था में मिला 72 वर्षीय मजदूर का शव
- ऊना : सिर पर चोट लगने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत
- पंजाब-हिमाचल की तल्खी को लेकर बनाया गाना, दिया भाईचारे का संदेश
- सुंदरनगर में 45 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर दी जान
- सीएम सुक्खू ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में 10 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना का किया शिलान्यास