एमबीएम न्यूज़ / शिमला
कसौली कांड से सबक लेते हुए शिमला पुलिस ने ऐसे शख्स को आज गिरफतार किया, जो कि खुले आम आत्महत्या की धमकी दे रहा था। दरअसल पूरे शिमला शहर में पानी के लिए कोहराम मचा हुआ है। संजौली के ढींगू वाबड़ी के समीप रहने वाला एक व्यक्ति भी पेयजल की किल्लत से व्यथित था और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान उसने धमकी दी थी कि अगर सुबह चार बजे से आठ बजे तक पानी की आपूर्ति उसके वार्ड व आवास में नहीं हुई, तो वह मिट्टी का तेल छिड़ककर आत्मदाह कर लेगा।
इस शख्स का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा था। जब यह वीडियो पुलिस तक पहुंचा, तो पुलिस ने तुरंत कदम उठाते हुए शख्स को आज सुबह ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान प्रकाश गुप्ता के रूप में हुई है। शिमला पुलिस आज दोपहर बाद उसे एसडीएम के कोर्ट में पेश करेगी। एसपी उमापति जंबाल ने मामले की पुष्टि की है।
https://youtu.be/aXkUvGbttUU
बता दें कि कसौली प्रकरण में महिला अधिकारी और बेलदार को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी विजय ठाकुर ने भी प्रशासन को आत्महत्या की चेतावनी दी थी। उसने कहा था कि अगर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उसका निजी होटल गिराया गया, तो वह आत्मदाह कर लेगा। आरोप है कि स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी थी,लेकिन आरोपी को गिरफतार नहीं किया गया था। बीते 01 मई को जब महिला अधिकारी शैल बाला कार्रवाई करने उसके होटल पहुंची, तो उसने महिला अधिकारी और बेलदार की गोली मारकर हत्या कर दी।