वी कुमार/मंडी
सदर मंडल भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर कमर कस ली है। मंडल की मोतीपुर में संपन्न हुई दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक में आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा और प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।
अनिल शर्मा के दलबल सहित कांग्रेस छोड़ भाजपा में आने के बाद यह पहली कार्यसमिति की बैठक थी। अनिल शर्मा ने खुशी जताई कि आज दो परिवार एक हुए हैं और एक जुटता के साथ संगठन की मजबूती को लेकर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है और इस संगठन को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।अनिल शर्मा ने बताया कि आगामी लोक सभा चुनाव भी संगठन के मार्ग दर्शन में ही लड़ा जाएगा और इसके लिए कार्यसमिति की बैठक में विस्तार से चर्चा की गई है।
अनिल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार विकास के मामले में कोई कमी नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सदर विधानसभा क्षेत्र में कहीं पर भी पानी की कमी न हो। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से पार्टी स्तर पर भी जनता की समस्याओं को उठाने का आह्वाहन किया।
इस दौरान 2017 के विधानसभा चुनावों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पदाधिकारियों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। बैठक में सदर मंडल भाजपा के अध्यक्ष मुनीष कपूर, जिला महामंत्री चेतराम और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।