एमबीएम न्यूज़ / कुल्लू
मध्य प्रदेश के मण्डला जिले में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय समरोह आयोजित किया गया। सामरोह की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर देश भर की जिला परिषद, पंचायत समिति तथा ग्राम पंचायतों को सर्वश्रेष्ठ कार्य प्रदर्शन करने के लिए दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार से सम्मानित किया गया, यह पुरस्कार स्वच्छता, राजस्व-अर्जन, नागरिक सेवा तथा ई-गवर्नेन्स आदि विषयों पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए भारत सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष पंचायती राज दिवस के अवसर पर प्रदान किया जाता है।
जिला के विकास खंड बंजार के अंतर्गत ग्राम पंचायत बलागाड को यह पुरस्कार लगातार दूसरे वर्ष सरकार द्वारा प्रदान किया गया है। गत वर्ष भी यह पुरस्कार ग्राम पंचायत बलागाड को उपरोक्त विषयों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रदान किया गया था, ग्राम पंचायत के प्रधान मान सिंह के साथ पूरा पंचायत क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है कि उनकी ग्राम पंचायत द्वारा किए गए कार्यों को प्रदेश तथा भारत सरकार ने सम्मान दिया है।
प्रधान पंचायत मान सिंह ने बताया की गत वर्ष यह पुरस्कार लखनऊ में मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदान किया तथा इस वर्ष देश के प्रधानमन्त्री ने मंडला में प्रदान किए। प्रधान मान सिंह ने बताया की उनकी ग्राम पंचायत के समस्त जन-प्रतिनिधि पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता तथा निष्ठा के साथ विकास कार्यों के अतिरिक्त प्रत्येक जन-समस्या के लिए सदैव तत्पर रहते है। उनकी ग्राम पंचायत ने समाज में हाशिए पर रह रहे गरीब परिवारों के लिए हमेशा अपना शत प्रतिशत दिया है तथा राज्य और केन्द्र सरकार द्वारा चलायी जा रही सभी योजनायों को पुरे तत्परता के साथ लागु करने के लिए पूरा प्रयास किया है।
ग्राम पंचायत को इसके अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा भी पंचायत पशुधन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चूका है। यह पुरस्कार तत्कालीन मुख्यमन्त्री वीरभद्र सिंह द्वारा 05 सितंबर, 2017 को एनआईटी हमीरपुर में प्रदान किया गया था। ग्राम पंचायत द्वारा किए गए यह सभी कार्य पुरे प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतो के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है।