वी कुमार / मंडी
चंडीगढ़ में आयोजित नेशनल मास्टर गेम्स में हिमाचल प्रदेश के खिलाडि़यों का दबदबा रहा। जोगिन्द्रनगर उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नौहली के पीईटी सीआर यादव ने प्रतियोगिता में दो रजत और दो कांस्य पदक जीत कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। सीआर यादव नौहली पंचायत के मरैंझ गांव का स्थानीय निवासी है।
भारतीय सेना से सेवानिवृति उपरांत वर्तमान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नौहली में पीईटी के पद पर सेवारत हैं। सीआर यादव ने दस हजार मीटर दौड़ में रजत, पांच हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही 45 वर्ष से अधिक आयु की सौ मीटर रिले दौड़ में कांस्य और चार सौ मीटर रिले दौड़ में रजत पदक हासिल किया। सुंदरनगर निवासी हेमलता ने पांच सौ मीटर वॉक में कांस्य, डिस्कस थ्रो और पचास वर्ष की आयु की दौड़ में रजत पदक हासिल किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (कन्या) जोगिन्द्रनगर की डीपी सुदेश हाजरी ने प्रतियोगिता में तीन मैडल जीते। पंजाब के चंडीगढ़ में यह पहली बार नेशनल मास्टर गेम्स का आयोजन किया गया था। जिसमें हिमाचल के खिलाडि़यों का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। सीआर यादव को चार मैडल हासिल करने पर इलाका वासियों ने बधाई दी है।