हमीरपुर(एमबीएम न्यूज़): नादौन हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नादौन बस अड्डा के निकट एक ट्रैक्टर तथा कार की भीषण टक्कर में दो लोग गंभीर घायल हो गए। जबकि एक वृद्ध महिला सहित अन्य युवक को भी चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार नादौन बस अड्डा के साथ सटे मैदान से जब ट्रैक्टर (एचपी 55-7055) मजदूरों तथा मिक्सर को साथ लेकर मुख्यमार्ग पर प्रवेश कर रहा था तो नादौन की ओर आ रही कार (एचपी 21बी-3777) के चालक ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों तथा टैक्सी चालकों ने घायलों को तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया।
![](https://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2018/01/TRUCK-300x158.jpg)
इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार प्रवासी मजदूर प्रमोध कुमार की टांग टूट गई है जबकि विजय के पैर में गंभीर चोट आई है। गोपाल नामक मजदूर को भी चोटें आई हैं। वहीं कार सवार वृद्धा रोशनी देवी पत्नी पं. जैशी राम तथा उसके दोहते सौरभ को भी चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी देते हुए कार चालक नरेन्द्र कुमार ने बताया कि वह अपने रिश्तेदारों को लेकर मैहरे बड़सर के ललयाणी गांव से टांडा अस्पताल जा रहा था जहां पं. जैशी राम के आप्रेशन के चलते उन्हें दाखिल करवाना था।
उसने बताया कि जैसे ही वह नादौन पहुंचे तो किनारे से अचानक एक ट्रैक्टर सड़क पर आ जाने से यह दुर्घटना हुई है। वहीं ट्रैक्टर चालक लक्की ने बताया कि जैसे ही वह मुख्य मार्ग पर पहुंचा, वैसे ही तेज गति से नादौन की ओर आ रही कार ने पीछे से उसके वाहन को टक्कर मार दी। इस घटना में घायल दो मजदूरों को जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया है।
थाना प्रभारी सतीश शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है।