नाहन (एमबीएम न्यूज): चोटिल होने के बावजूद सिरमौरी बेटे ने दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में धमाल मचाया है। हालांकि दूसरा स्थान मिलने से खुद सुनील शर्मा संतुष्ट नहीं हैं, लेकिन 24 घंटे स्टेडियम रन में 188 किलोमीटर की दूरी तय कर रजत पदक हासिल करना भी छोटी उपलब्धि नहीं है। स्वर्ण पदक जीतने वाले धावक से महज तीन किलोमीटर पीछे रह गए।
दरअसल सुनील के घुटने में चोट लगी थी। बावजूद इसके दौड़ते रहे। माईना के रहने वाले सुनील ने बैंगलुरु में 24 घंटे की स्टेडियम रन में पहला स्थान अर्जित किया था। दिल्ली की दौड़ में 50 धावक हिस्सा ले रहे थे, लेकिन 30 ने ही इसे पूरा किया। सिरमौरी बेटे का चयन ब्राजील में आयोजित हो रही अल्ट्रा मैराथन के लिए भी हो चुका है। लाजमी तौर पर इस दौड़ के लिए दिल्ली में मिला रजत पदक मनोबल बढ़ाएगा। सुनील का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा मैराथन में विश्व रिकॉर्ड तोडक़र ओलंपिक में दावेदारी पेश करना है।
सुनील ने शोगलू ग्रुप ऑफ कंपनीज का आभार जताया है। साल 2016 में सुनील शर्मा द ग्रेट इंडिया रन के बाद चर्चा में आए थे। इसमें सुनील ने 1480 किलोमीटर की दूरी नापी थी। शोगलू गु्रप ऑफ कंपनीज के एमडी एलडी शर्मा ने बताया कि फरवरी माह में ब्राजील में हो रही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी कंपनी सुनील को प्रायोजित कर रही है।
सनद रहे कि दौडऩे के साथ-साथ सुनील शर्मा सामाजिक कार्यों में भी बड़ी दिलचस्पी लेेते हैं। दो जीवन बचाने के लिए भी दौड़े थे। साथ ही एक जाने-पहचाने रक्तदाता भी हैं।