शिमला (एमबीएम न्यूज़ ): हिमाचल पुलिस पहली बार स्थापना दिवस मनाने जा रही है। अभी तक पुलिस की ओर से ऐसा कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाता था। स्थापना दिवस 7 व 8 दिसंबर को एतिहासिक रिज मैदान पर मनाया जाएगा। इसे लेकर प्रदेश पुलिस ने सोमवार को रिज मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल की। स्थापना दिवस में राज्यपाल आचार्य देवव्रत मुख्य अतिथि होंगे। सोमवार दोपहर 12 बजे परेड के साथ फुल ड्रेस रिहर्सल की शुरुआत की गई। इसे देख दर्शक हैरान रह गए, क्योंकि पुलिस ने कभी भी अपना स्थापना दिवस नहीं मनाया। अधिकतर दर्शकों का यही कहना था कि 26 जनवरी की परेड की रिहर्सल चल रही है।
गौरतलब है कि हिमाचल पुलिस पहली बार स्थापना दिवस मनाने जा रही है। प्रदेश पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल इसकी पहल कर रहे हैं। पुलिस के इस स्थापना दिवस में बड़ी तादाद में पुलिस कर्मचारियों को मेडल से सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर बेस्ट पुलिस थाने व बेस्ट बटालियन का पुरस्कार भी दिया जाएगा और साथ ही खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडियों को भी स मानित किया जाएगा।
रिज मैदान पर होने वाले पुलिस स्थापना दिवस के कार्यक्रम पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश पुलिस स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम गेयटी थियेटर में आयोजित किए जाएंगे।
इस बीच स्थापना दिवस कार्यक्रमों की श्रंखला में कल मंगलवार को दोपहर बाद 3 बजे एतिहासिक रिज मैदान पर पुलिस विभाग आम जनता को पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में जागरूक करेगा। क्योसक नाम से आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश पुलिस के डीजीपी सोमेश गोयल करेंगे। इस कार्यक्रम में लोगों को साईबर क्राइम, बच्चों व महिलाओं संबंधी अपराधों पर शिकायत व एफआईआर दर्ज करने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रदेश पुलिस के इतिहास व पुलिस द्वारा मुहैया करवाई गई सुविधाओं के बारे में भी अवगत करवाया जाएगा।