ऊना (एमबीएम न्यूज़) : चिंतपूर्णी के तहत पड़ते गांव त्यांबल का व्यक्ति पेड़ से गिर गया। जिसके चलते उसे सिर व मुहं सहित शरीर के अन्य हिस्सों में काफी चोटें आ गई। स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया गया। जहां पर व्यक्ति की हालत दयनीय बनी हुई है। घायल व्यक्ति जोगिंद्र (60) पुत्र मेला राम गांव त्यांबल, चिंतपूर्णी जिला के रूप में हुई है।
घायल जोगिंद्र के परिजनों के अनुसार जोगिंद्र सोमवार को घर के समीप जंगल की ओर घास लेने के लिए गया हुआ था। इस दौरान वहां पर पेड़ पर चढ़कर घास लेने का प्रयास कर रहा था। इतने में पेड़ की टहनी टूटने से जोगिंद्र जमीन पर आ गिरा। जमीन पर गिरने से जोगिंद्र के मुहं व सिर सहित शरीर पर गंभीर चोटें आ गई। स्थानीय लोगों ने उसे जमीन पर लहूलुहान अवस्था में गिरा देख तुरंत परिजनों को सूचित किया। जिसके बाद उसे नजदीकी चिंतपूर्णी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां से जोगिंद्र की ज्यादा गंभीर स्थिति होने के चलते क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। ऊना में जोगिंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर मामले की सूचना के बाद पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है।