मंडी(वी कुमार ) : दो हस्तियों को इकोनोमिक ग्रोथ फाउंडेशन दिल्ली द्वारा अपने अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों हेतु राष्ट्रीय अवार्ड से नवाजा गया है। इनमें भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड चेन्नई से मनोनीत एनीमल वेल्फेयर आफिसर एवं सचिव एसपीसीए मदन लाल पटियाल को पशु कल्याण के क्षेत्र में तो केयोलीधार पाठशाला में कार्यरत प्रवक्ता डीपी कौंडल को शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय अवार्ड मिला है। दोनों हस्तियां 7 अक्तूबर को यह अवार्ड हासिल करने के बाद सोमवार को मंडी पहुंची।
यह कार्यक्रम स्पीकर हाल कंसीच्यूशन क्लब आफ इंडिया में हुआ जिसमें कीनिया के उच्चायुक्त करिचो सैमुयल मुख्य मेहमान थे जबकि अंबैसडर डॉ बीबी सोनी इंडियन फारेन सर्विस, प्रो एसएस भाकरी निदेशक यूएन, यूनेस्को शिक्षा संस्थान नई दिल्ली एवं अनीश दुर्रानी महासचिव कांग्रेस पार्टी इंडिया उपाध्यक्ष कल्याण विभाग उत्तराखंड मौजूद थे। मदन पटियाल पिछले 16—17 सालों से गो वंश संरक्षण एवं संबर्धन जिला पशु अत्याचार निवारण समिति के महासचिव के रूप में गो सदन मेगल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इस समय इस गो सदन में 42 देसी नस्ल व 105 अन्य किस्म की गायों को आश्रय दिया गया है। पटियाल समाज सेवा के क्षेत्र में हर समय लगे रहते हैं। उनकी सेवाओं के अनुरूप ही उन्हें यह पुरस्कार मिला है। राष्ट्रीय अवार्ड हासिल करने वाले शिक्षक जिला के सराज हल्के की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केयोलीधार में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें बेस्ट एजुकेशनिस्ट अवार्ड फार टेलेंटिड पर्सनलटीज के अवार्ड से सम्मानित किया गया है। गांव सरी ( धर्मपुर) के मूल निवासी कौंडल को इस साल प्रदेश सरकार ने भी राज्य शिक्षक पुरस्कार से नवाजा है जो उन्हें शिक्षक दिवस के मौके पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने दिया। कवि, लेखक व शिक्षाविद डीपी कौंडल को अब तक कई पुरस्कारों से नवाजा गया है। नई दिल्ली में हुए इस समारोह में देश भर से आए लगभग सौ महानुभावों को उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।