ऊना (एमबीएम न्यूज): जनपद में तीन अलग-अलग ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिसकी चर्चा हो रही है। तीनों के स्थान अलग-अलग हैं। साथ ही तीनों हमलावर भी अलग प्रजाति के हैं। पहली घटना में जिला मुख्यालय के साथ लगते गांव में रह रहे एक प्रवासी व्यक्ति को जहरीले सांप ने डस दिया है। जिसके चलते सांप का दंश प्रवासी व्यक्ति के पूरे शरीर में फैल गया और प्रवासी की हालत बिगड़ गई। प्रवासी की हालत को बिगड़ता देख परिजनों ने उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि इससे पहले पीड़ित व्यक्ति को उसके परिजनों द्वारा नजदीकी गांव में झाड़-फूंक करवाया जा रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में फिर भी सुधार न आने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के साथ लगते गांव में मुरादाबाद के रहने वाले नरेश कुमार 45 पुत्र नानक सिंह को काम करने के दौरान एक जहरीले सांप ने डस दिया। जिसके चलते सांप का दंश उसके शरीर में फैल गया और नरेश कुमार का स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। परिजनों ने नरेश की गंभीर हालत को देखते हुए क्षेत्र के गांव में 6 दिनों तक झाड़-फूंक करवाया। लेकिन स्वास्थ्य में फिर भी सुधार न आने पर मंगलवार को उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर तैनात चिकित्सक ने पीड़ित व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर भर्ती कर लिया।
वहीं एक सांड ने अधेड़ महिला को टक्कर मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया। जिसके चलते घायल महिला क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचाराधीन है। फिलहाल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बिलासपुर जिला के गांव बुकार की रहने वाली महिला ऊना शहर में अपने रिश्तेदारों के यहां आई हुई थी। मिली जानकारी के अनुसार सवर्नी देवी पत्नी सुखराम अपने रिश्तेदारों के साथ शहर में सैर करने के लिए घर से निकली और घर से कुछ ही दूरी पर एक आवारा सांड ने उसपर हमला बोलते हुए घायल कर दिया। हादसे में घायल सवर्नी देवी को आनन-फानन की स्थिति में उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्षेत्रीय अस्पताल के एसएमओ डा. रामपाल शर्मा ने बताया कि सांड के हमले से घायल महिला की हालत पहले से बेहतर है और जल्द ही महिला को छुट्टी दे दी जाएगी।
तीसरी घटना में साथ लगते गांव डंगेहड़ा में एक आवारा कुत्ते ने 27 वर्षीय महिला को काट खाया है। जिसके चलते पीड़ित महिला क्षेत्रीय अस्पताल में उपचाराधीन है। फिलहाल महिला की हालत पहले से बेहतर है। मिली जानकारी के अनुसार डंगेहड़ा गांव की रहने वाली रीना राय पत्नी विजय सिंह रोजाना की तरह गत रात्रि खाना खाने के उपरांत अपने घर के समीप सैर कर रही थी कि अचानक एक आवारा कुत्ता उस पर झपट पड़ा और कुत्ते ने उसके पांव पर अपने दांत गड़ा दिए। रीना के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। परिजनों ने तुरंत महिला को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर तैनात चिकित्सक ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर भर्ती कर लिया।