घुमारवीं (सुभाष कुमार गौतम) : भराडी के गाँव हंबोट से एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला पुलिस थाना भराडी में परिजनों द्वारा दर्ज करवाया गया। लड़की के पिता ने पुलिस को बताया था कि उनकी लड़की का अपहरण किसी ने शादी करने के इरादे से किया है। पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद इस मामले को सुलझा लिया है व लडकी को शिमला के रामपुर से बरामद कर लिया गया है। इसमें अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है जो जाहू के रहने वाला है। परिजनों द्वारा दिए गए मोबाइल से लड़की की मोबाइल कॉल ट्रेस की गई। जिसमे से शक के अधार अजय कुमार का नंबर खंगाला गया।
डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि लड़की का अपहरण करने वाले युवक का लड़की के बहन और जीजा के घर पर आना जाना था और अच्छी पहचान थी । लड़का अकसर लड़की के बहन – जीजा के घर पर आया करता था। लेकिन बहन और जीजा लड़के पर शक नहीं करते थे। उन्हें यकीन था की अजय ऐसी हरकत नहीं कर सकता बावजूद इसके पुलिस ने अपनी तहकीकात के दौरान अजय कुमार को भी शक के दायरे में ले लिया। सूझबूझ से काम लेते हुए पुलिस ने लड़के से संपर्क किया गया और लड़की को रामपुर से लड़के के साथ बरामद कर लिया। लड़की से पुछा गया तो उसने बताया कि अजय कुमार ने उसे रामपुर में अपने रिश्तेदारों के घर पर रखा गया था। लड़की का मेडिकल करवाया जा रहा है। पूरी जाँच के बाद मामला कोर्ट में पेश किया जाएगा।
राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस शक के अधार पर और भी गिरफ्तारीयॉ हो सकती हैं। पुलिस इस मामले की तह तक जा रही है और धीरे धीरे मामले से कई परतें हटती नजर आ रही हैं। लड़की अभी नाबालिग है जो सितम्बर माह में 18 साल की होगी।