शिमला (एमबीएम न्यूज़) : भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को राजधानी में जुलूस निकाला। उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। बाद में उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। बड़ी संख्या में पुलिस और क्यूआरटी के दस्ते इस दोरान तैनात थे। भाजयुमो ने आक्रोश रैली की कड़ी में प्रदेश सरकार के खिलाफ ये विरोध प्रदर्शन किया।
भाजयुमो शिमला जिला अध्यक्ष पारुल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आज चौड़ा मैदान में एकत्रित हुए और वहां से जुलुस की शक्ल में उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शकारियों ने सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की।
उपायुक्त कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री का पुतला जलाया गया। यहाँ भाजपा विधायक सुरेश भारद्वाज ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा और उन्हें विभिन्न मुद्दों पर घेरा। विधायक ने कहा कि भ्रटाचार के मामलों से घिरे वीरभद्र सिंह को तुरन्त अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया तय है।
राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में भाजयुमो ने मुख्यमंत्री के मनी लॉन्ड्रिंग केसों के अलावा गुड़िया प्रकरण, तीसा प्रकरण, वनरक्षक होशियार सिंह की रहस्मयी मौत, रूसा, बेरोजगारी, शराब माफिया, बिगड़ती कानून व्यवस्था का उल्लेख करते हुए प्रदेश सरकार को भंग कर राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है।