कुल्लू (नीना गौतम) : जिला के कलैहली में दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन हिमाचल जयवीर कल्याण समिति द्वारा किया गया। इस दंगल में देशभर की महिला पहलवानों ने भी आखाड़ा में खूब दमखम दिखाया। महिला पहलवानों की कुश्ती दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। इसी के साथ देशभर के पुरूष पहलवानों ने भी कुश्ती में खूब जोर आजमाईश की। नन्हें पहलवानों ने भी कलैहली के कुश्ती के आखाड़े में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाया। हिमाचल जय वीर कल्याण समिति के अध्यक्ष बलदेव ठाकुर ने बताया कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए इस तरह की कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन उनकी समिति द्वारा किया गया है। बलदेव ठाकुर स्वयं कुश्ती के राष्ट्रीय पहलवान रह चुके हैं। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि कुश्ती खेल को गांव-गांव तक उनकी समिति द्वारा पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज युवा पीढ़ी नशे के दलदल में धंसती जा रही है इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए गांव-गांव में दंगल करवाएं जाएंगे और कुश्ती के प्रति युवाओं को आकर्षित किया जाएगा ताकि गांव से अच्छे-अच्छे खिलाड़ी बाहर उभर कर निकलें और देश-विदेश में अपना नाम ऊंचा कर सकें। यही नहीं यदि गांव-गांव में इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तो युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में लगाया जा सकता है। युवाओं का ध्यान इस ओर आकर्षित होगा तो युवा नशे से दूर रहेगा। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल के कई कुश्ती के खिलाड़ी देश सहित विदेशों में हिमाल का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का सहयोग रहा तो अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में भी अखाड़े का आयोजन किया जाएगा और देशभर के कुश्ती खिलाडिय़ों को अंतरराष्ट्रीय मंच दिलवाया जाएगा। उन्होंने इस दौरान अखाड़े में उतरे खिलाडिय़ों को नकद इनाम भी बांटे जिस खिलाड़ी ने अच्छा प्रदर्शन किया उसे सबसे ज्यादा राशि प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसी प्रतियोगिता से जहां समाज में भाईचार बना रहता है वहीं, एक दूसरे के प्रति मान-सम्मान की भावना भी पैदा होती है। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, हरियाणा के अलावा विभिन्न राज्यों से महिला पहलवान यहां पहुंची। इस अवसर पर समिति के महासचिव गुलाब सिंह चंदेल, कोषाध्यक्ष धनी राम, आत्मा राम, दीवान चंद शर्मा, पंचायत के प्रतिनिधि, नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक डॉ. लाल सिंह कौंडल, साद राम, ओम चंद, मुनशी राम, नोरबू बोध व दीनू राही सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।