मंडी (वी.कुमार) : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने दावा किया है कि भाजपा प्रदेश में 50 नहीं बल्कि 60 से अधिक सीटें जीतकर एक नया इतिहास रचेगी। यह दावा उन्होंने सुंदरनगर में संसदीय क्षेत्र में जारी भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा के समापन समारोह को संबोधित करते हुए किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल पड़ी है और अब यह लहर प्रदेश में कमल खिलाकर ही रूकेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं और प्रदेश के मंत्री जो बयान देते हैं होता उसके विपरित है। उन्होंने कहा कि जिला के सरकारी डिपूओं में चीनी नहीं मिल रही और मंत्री बयान दे रहे हैं कि उनका विभाग बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन सब बातों को लेकर भाजपा जनता के बीच जा रही है और 60 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में सरकार बनने जा रही है।
वहीं प्रदेश भाजपा के प्रभारी मंगल पांडये ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश विकास के लिहाज से बहुत पीछे चला गया है क्योंकि प्रदेश के मुखिया अपने नीजी कार्यों में अधिक व्यस्त रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगला चुनाव विकास और विनाश के बीच होने जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता विकास को चुनकर बहुमत से भाजपा की सरकार बनाएगी।