हमीरपुर (एमबीएम न्यूज़) : भाजपा सरकार आने के बाद प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के नए मैदानों के निर्माण के साथ-साथ प्रशिक्षित प्रशिक्षकों की कमी को भी दूर किया जाएगा। जिसके लिए विशेष प्रारूप तैयार किया जाएगा। नादौन विश्राम गृह में पत्रकारों के साथ बात करते हुए सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि हमारे प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है परंतु कांग्रेस सरकारों के खेलों के प्रति उदासीन रवैये के कारण खिलाडिय़ों को मंच व बेहतर सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पातीं। अनुराग ने कहा कि कांग्रेस सरकार खेलों को बढ़ावा देने के बड़े दावे करते हैं परंतु मुख्यमंत्री के क्षेत्र में तो मैदान उन्होंने बनवाया है।
उन्होंने बताया कि हमीरपुर में एथलैटिक्स तथा देहरा में खोले गए बैडमिंटन स्पोर्टस एैसटेंशन सैंटर से क्षेत्र में नई प्रतिभाओं की खोज करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि इन केंद्रों में प्रशिक्षित प्रशिक्षकों सहित खेलों से संबंधित हर प्रकार की खेल तथा तकनीकी सुविधा खिलाडिय़ों के लिए उपलब्ध रहेगी। ठाकुर ने बताया कि इन केन्द्रों का सबसे अधिक लाभ 10 से 18 वर्ष के खिलाडिय़ों को होगा। ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अन्र्तराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी सुषमा वर्मा के लिए कुछ नहीं किया जबकि उन्होंने गुम्मा में इस खिलाड़ी के नाम पर प्रदेश की पहली महिला क्रिकेट अकादमी आरंभ करवाई है।
अनुराग ने कहा कि स्टेट ओलंपिक के सफल आयोजन में भी कई प्रतिभाएं उभर कर सामने आई हैं। उन्होंने बताया कि हमीरपुर में शूटिंग रेंज भी स्थापित की गई है। उन्होंने बताया कि उनके बीसीसीआई के कार्यकाल में ही देश की महिला क्रिकेट टीम के लिए उनकी फीस में बढौतरी की गई थी। महिला क्रिकेट टीम के अधिक क्रिकेट मुकाबले करवाने की व्यवस्था की गई। इसके अलावा महिला टीम को अन्य सुविधाएं प्रदान की गई। ठाकुर ने पाकिस्तान को हराने वाली देश की महिला टीम को बधाई दी है। उन्होंने इसी टीम में प्रदेश की खिलाड़ी सुषमा वर्मा को भी बधाई दी है।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अपने लिए चुनावों में सुरक्षित सीट की तालाश में हैं उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वह दोनों कहां से चुनाव लड़ें। ठाकुर ने कहा कि सांसद तथा विधायक द्वारा भाजपा के चहेतों को ही लाभ पहुंचाने के सुक्खू के आरोपों पर अनुराग ने कहा कि यदि सुखविंदर सिंह कोई आवेदन करेंगे तो उन्हें भी नादौन के विकास के लिए लाभ दिलाया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष द्वारा भाजपा में फूट के आरोपों पर अनुराग ने कहा कि परिवर्तन रथ यात्रा में उन्होंने तथा केन्द्रीय मंत्री जे पी नडडा ने कई क्षेत्रों में एक साथ प्रचार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष तथा मुख्यमंत्री के रिश्तों की सच्चाई जगजाहिर है।