नाहन (एमबीएम न्यूज) : विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बर्मा पापड़ी व पालियों ग्राम सहकारी समिति के चुनाव को लेकर भाजपा विधायक की दखलअंदाजी पार्टी के लिए घातक साबित हो गई है। इस कारण 100 से भी अधिक स्थानीय ग्रामीणों ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजय सोलंकी के नेतृत्व में भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है।
देर सांय तकरीबन 9 बजे मंगलवार को बर्मा पापडी के शिव मंदिर में द ग्राम सेवा सहकारी समिति बर्मा पापड़ी व पालियों में प्रधान पद के दावेदार अनिल कुमार व बलवंत सिंह के साथ सैकड़ों स्थानीय ग्रामीणों की एक आपातकालीन बैठक आयोजित हुई। बैठक में भाजपा नेत्री व पूर्व मंत्री रही वरिष्ठ नेत्री श्यामा शर्मा के भाई एवं ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष पालियों पंचायत के पूर्व प्रधान रहे सुखदेव शर्मा भी शामिल हुए। 29 जून को सोसायटी के अध्यक्ष पद का चुनाव होना है।
सोसायटी में प्रधान पद पर पंचायत की ओर से अनिल कुमार का नाम सर्वसस्मति से रखा गया था। भाजपा की ओर से शमशेर सिंह को प्रधान पद के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया था। भाजपा से हुसन सिंह उर्फ मंगत राम को अपनी और लिए जाने पर स्थानीय ग्रामीणों में काफी रोष पैदा हो गया। जिसको लेकर ग्रामीणों ने रोष प्रकट करते हुए समिति के चुनाव में दखल अंदाजी को लेकर भाजपा के प्रति अविश्वास प्रकट किया। इसके चलते बैठक में उपस्थित लोगों ने कांग्रेस का दामन थामने का निश्चय किया।
मजे की बात तो यह है कि इन पंचायतों के ग्रामीणों ने यह कार्यक्रम मंदिर में रखा और भगवान के समक्ष शपथ उठाते हुए अब कांग्रेस के प्रति अपनी आस्था जताई। कार्यक्रम में उपस्थित जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सोलंकी से ग्रामीणों ने बीते समय में कांग्रेस की खामियों को बताते हुए आने वाले समय में क्षेत्र के विकास में सरकार की भूमिका को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का भी वचन लिया। वहीं अजय सोलंकी ने आश्वासन देते हुए कहा कि इस क्षेत्र में जो भी सरकार के समक्ष मांगे रखी जाएगी। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाएगा।
गौर हो कि यह दोनों पंचायतें भाजपा का गढ़ मानी जाती हैं। इन पंचायतों से 90 फीसदी वोट भाजपा के खाते में ही जाता था। मगर डाक्टर राजीव बिंदल जिला परिषद सदस्य कालाअंब वार्ड विनय गुप्ता एवं पूर्व प्रधान प्रताप ठाकुर की दखलंदाजी व समिति के चुनाव का राजनीतिकरण करने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में काफी रोष पनपा। जिसका फायदा उठाते हुए कांग्रेसियों ने इस मुद्दे को हाथों-हाथ अपने हक में कर लिया।
रथ यात्रा से पहले ही भाजपा के गढ़ में ही पार्टी को बड़ा झटका लग गया है। अब यह तो 29 तारीख को समिति के चुनाव ही बताएंगे कि डाक्टर बिंदल का पलड़ा भारी पड़ता है या फिर अजय सोलंकी का। मगर यह निश्चित है कि आने वाले समय में भाजपा को बड़ा झटका लगने वाला है। कार्यक्रम में मु य रूप से वयोवृद्ध कांग्रेसी नेता हृदयराम भी शामिल हुए।
इस मौके पर बर्मा पापड़ी के गौरव शुभम, नरेश, अरविंद चौहान, दिनेश, जसवीर, बलवंत सिंह, महावीर, संजय, रविकांत, भूषण सिंह,जसवंत, पूर्व वार्ड मेंबर रघुवीर सिंह, शेर सिंह, अमर सिंह, अनिल, पूर्व प्रधान बर्मा पापडी हेम राज सुरजीत सिंह सोमनाथ ज्ञानचंद पूर्व प्रधान बर्मा पापड़ी मामचंद वरिष्ठ कार्यकर्ता भाजपा बर्मा पापड़ी बलबीर सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस को ज्वाइन किया।
वहीं लोगों के बीच में यह भी सुनने को मिला है कि चाहे भाजपा से हो, चाहे कांग्रेस से हो, मगर इस बार विधानसभा चुनाव में धरती पुत्र को ही समर्थन दिया जाएगा। स्थानीय जिला परिषद सदस्य का बार-बार पंचायती कार्यों में राजनीतिक दखल अंदाजी करने से ग्रामीणों में रोष है। स्थानीय लोगों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष से भी साफ कर दिया है कि क्षेत्र में विकासकार्य होंगे, तो वह कांग्रेस का समर्थन देंगे।
अगर विकास को प्राथमिकता नहीं दी गई, तो क्षेत्र के लोग कांग्रेस पार्टी को भी समर्थन नहीं देंगे। लोगों का कहना है कि बर्मा पापडी क्षेत्र के लोगों का प्रयोग केवल वोट बैंक के रुप में हुआ है। विकास के नाम पर नेता लोगों को केवल कोरे आश्वासन देते आएं हैं।