-सड़क परिवहन एवं सुरक्षा विधेयक के खिलाफ कर्मचारी करेंगे चक्का जाम
एमबीएम न्यूज। नाहन
30 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश में हिमाचल पथ परिवहन निगम की करीब 2700 बसों को पहिया जाम होगा। इस दिन हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के बैनर तले पूरे प्रदेष भर में चक्का जाम किया जाएगा। दरअसल एचआरटीसी के कर्मचारी केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं सुरक्षा विधेयक 2005 को लेकर बेहद खफा है। इसी के मद्देनजर आज नाहन डिपो में गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। कार्यशाला के गेट पर करीब 100 कर्मचारियों ने गेट मीटिंग में हिस्सा लेकर उपरोक्त विधेयक का विरोध जताया। साथ ही जमकर नारेबाजी भी की।
इस मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी से दलगंजन ठाकुर व कमलदास ठाकुर ने कर्मचारियों को संबोधित करते केंद्र सरकार द्वारा पारित विधेयक की कड़े शब्दों में आलोचना की। कर्मचारियों की मांग है कि स्टेज कैरिज व कान्ट्रेक्ट केरिज के रूप में बसों का वर्गीकरण पहले की भांति रखा जाए। राष्ट्रीय प्राधिकरण से कर लगाने का प्रावधान वापिस लेने, केंद्र सरकार द्वारा अपने अधीन लिए गए अधिकारों को वापिस राज्य सरकार को देने सहित अन्य कई मांगे उठाई गई। इसके अलावा विधेयक से संबंधित अन्य कई समस्याओं को भी उठाया जाएगा।
प्रदेश कार्यकारिणी पदाधिकारी दलगंजन ठाकुर का कहना है कि सड़क परिवहन एवं सुरक्षा विधेयक 2007 न केवल एचआरटीसी कर्मचारियों बल्कि आम जनता के लिए भी मुश्किलो भरा कानून है। इससे कर्मचारियों को खासी परेशानी उठानी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि इस विधेयक के खिलाफ 30 अप्रैल को चक्का जाम किया जाएगा। इस मौके पर चालक परिचालक संघ के पदाधिकारी सुखराम ठाकुर, कन्हैया लाल कौशिल सहित दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।