कुल्लू (नीना गौतम): जिला के युवा नेता संजीव शर्मा को नरेंद्र मोदी विचार मंच का हिमाचल प्रदेश का राज्य अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मंच का मकसद एक भारत श्रेष्ठ भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए नरेंद्र मोदी के विचारों से सहमत लोगों को जोड़ना है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।
संजीव शर्मा हिमाचल विधानसभा के पूर्व उपाध्याक्ष, पूर्व वनमंन्त्री एवं दो बार भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रहे खीमीराम शर्मा के ज्येष्ठ पुत्र है। इससे पूर्व संजीव शर्मा विद्यार्थी परिषद, विश्व हिंदू परिषद, आरएसएस सेे सक्रिय रूप में जुडे रहे हैं।
संजीव शर्मा को जिला में जुझारू नेता और एक समाजसेवी के रूप में जाना जाता है। संजीव शर्मा की इस नियुक्ति से बंजार भाजपा को और अधिक मजबूती मिलने की संभावना के रूप में भी देखा जा रहा है, क्योंकि पूर्व वन मंन्त्री खीमीराम शर्मा यहीं से चुनाव लड़ते हैं। गौरतलब है कि इस मंच का गठन आरएसएस से जुडे़ वरिष्ठ नेता रवि चाणक्य ने भाजपा की विशेष रणनीति के तहत किया है।
संजीव ने कहा है कि संगठन के गठन से हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों, नितियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और आने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में विशेष रणनीति तैयार कर उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर दिन रात कार्य किया जाएगा।
संगठन में नरेंद्र मोदी के विचारों को मानने वाले लोगों को शामिल किया जाएगा। जल्द ही हिमाचल प्रदेश में राज्य कार्यकारिणी घोषित की जाएगी और उसके बाद जिला व मंडल स्तर की कार्यकारिणी गठित की जाएगी। संजीव शर्मा की नरेंद्र मोदी विचार मंच की हिमाचल प्रदेश के राज्य अध्यक्ष की ताजपोशी का कुल्लू भाजपा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा ने स्वागत किया है।