सोलन (एमबीएम न्यूज): बुधवार दोपहर दिनदहाड़े ही धर्मपुर पुलिस थाना से बलात्कार का आरोपी जय प्रकाश कूद कर फरार हो गया है। घटना एक बजे के आसपास की है। शौच का बहाना बनाकर पहली मंजिल पर गया था, जहां से दूसरी तरफ कूद कर चंपत हो गया। कल शाम ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
डगशई की रहने वाली युवती ने जय प्रकाश पर शादी का झांसा देकर दुराचार करने का आरोप लगाया था। चूंकि आरोपी सिरमौर के पच्छाद विकास खंड का रहने वाला है, लिहाजा पुलिस ने दाडो देवरिया में दबिश दी। इसके बाद परिवार ने ही आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस की मदद की। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम के दाडो देवरिया रवाना होने की सूचना भी है।
अंतिम समाचार के मुताबिक आरोपी का पता नहीं चल पाया था। पुलिस थाना से फरार होने के मामले में आरोपी के खिलाफ अलग से भी मुकदमा दायर हो सकता है। परवाणु के डीएसपी भीष्म ठाकुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि तलाश की जा रही है।