नई दिल्ली, 13 मार्च : भाजपा की दूसरी लिस्ट आज जारी हो सकती है। इस लिस्ट में कई दिग्गजों के टिकट पर मुहर लगेगी। वहीं, कईयों के टिकट कटने की भी संभावना है। हिमाचल से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर का नाम लगभग फाइनल है। हालांकि, उनके चंडीगढ़ से चुनाव लड़ने की अफवाहें भी सोशल मीडिया में उड़ती रही हैं। मगर यह तय है कि वह हिमाचल के हमीरपुर से ही चुनाव लडेंगे।
वहीं, भाजपा के दिग्गज नेता नितिन गडकरी को नागपुर से टिकट मिलना लगभग तय है। उनके अलावा महाराष्ट्र से प्रीतम मुंडे को भी टिकट मिलने की संभावना है। वहीं, दिग्गज नेता स्वर्गीय प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन का टिकट शायद इस बार कट सकता है। बात करें, उत्तराखंड की तो हरिद्वार सीट से रमेश पोखरियाल निशंक के नाम पर चर्चा चल रही है।
बिहार से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का बेगूसराय से टिकट लगभग फाइनल है। उनके अलावा पटना से पूर्व मंत्री जयशंकर प्रसाद को भी टिकट मिलने की संभावना है। उनके अलावा पाटलीपुत्र से राम कृपाल यादव, आरा से कैबिनेट मंत्री आरके सिंह व छपरा से पूर्व मंत्री राजीव प्रताप रूडी को टिकट मिल सकता है। आंध्र प्रदेश, उड़ीसा, पंजाब में फैसला सबसे अंतिम लिस्ट में होगा, क्योंकि यहां एनडीए के घटक दलों के साथ गठबंधन पर अभी चर्चा चल रही है।
कर्नाटक से पूर्व कैबिनेट मंत्री सदानंद गौड़ा का टिकट कट सकता है। सूत्रों से पता चला है कि वह खुद भी चुनाव लड़ने से मना कर चुके हैं। इनके अलावा अनंत हेगड़े व प्रताप सिन्हा का टिकट कटने की भी संभावनाएं हैं। इन नेताओं पर गलत बयानबाजी करने की गाज गिर सकती है।
बिहार में सासाराम संसदीय क्षेत्र से छेदी पासवान का टिकट भी खतरे की जद में है। दिल्ली के बचे दो टिकटों पर भी फैसला आने की संभावना है। वहीं, हरियाणा में ताजा राजनीतिक घटनाक्रम के चलते अभी 10 टिकटों को होल्ड पर रखा गया है। वहीं, पंजाब में अकाली दल बादल के साथ सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय नहीं हो पाया है। हिमाचल के कांगड़ा, शिमला व मंडी सीटों पर फिलहाल टिकटों को लेकर मंथन जारी है। यहां भाजपा कुछ अप्रत्याशित व चौंकाने वाले नामों की घोषणा कर सकती है।
वहीं, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात की बची सीटों पर भी दूसरी लिस्ट में स्थिति साफ हो सकती है। संभावना वही है कि भाजपा के अप्रत्याशित फैसलों की छाया दूसरी लिस्ट में भी दिखाई देगी, जिसमें कई दिग्गजों के टिकट कट सकते हैं, तो कईयों की लॉटरी लग सकती है। कई नए चेहरों पर भी भाजपा दांव खेलने की तैयारी में है। खासकर केंद्रीय मंत्रियों को लेकर भाजपा खूब मंथन करने के बाद फैसला ले रही है।
केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की एकमात्र सीट पर भी अभी तक भाजपा नाम फाइनल नहीं कर पाई है। यह तो तय है कि इस दफा अनुपम खैर की पत्नी व पूर्व सांसद किरण खैर को पार्टी टिकट नहीं देगी। हालांकि, यहां अनुराग ठाकुर के चुनाव लड़ने की अफवाहें भी हवा में तैरती रही हैं। मगर, अनुराग अपने पुराने संसदीय क्षेत्र से ही चुनाव लडेंगे। देखना ये है कि चंडीगढ़ में भाजपा किस प्रत्याशी पर दांव लगाती है।