शिमला (एमबीएम न्यूज): डलहौजी की विधायक आशा कुमारी को कांग्रेस ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। विधायक के कंधों पर पंजाब चुनाव का बोझ डाला गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव को न केवल सीडब्ल्यूसी का सदस्य बनाया गया है, बल्कि पंजाब की प्रभारी भी नियुक्त किया गया है।
2017 में पंजाब में चुनाव होने हैं। इसके लिए ग्राउंड वर्क शुरू हो चुका है। विधायक को सोनिया गांधी से नजदीकी होने के कारण बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। यह पहली बार है कि जब विधायक आशा कुमारी को किसी राज्य का स्वतंत्र तौर पर प्रभारी बनाया गया है। पंजाब में कांग्रेस की डगर आसान न होने की वजह से विधायक का बेशक ही राजनैतिक रूतबा बढ़ा है, लेकिन चुनौती भी बड़ी मिली है।
पंजाब में अकाली-भाजपा हैट्रिक की कोशिश में लग गए हैं, वहीं आम आदमी पार्टी भी राज्य में अपनी जड़े मजबूत कर चुकी है। भाजपा अपने स्तर पर ही चुनाव लडऩे का फैसला करती है, तो उस सूरत में कांग्रेस को उम्मीद की किरण नजर आ सकती है। कुछ समय पहले कांग्रेस ने पंजाब में पूरी कमान कैप्टन अमरेंद्र सिंह को सौंप दी थी। काफी हद तक यह तय माना जा रहा है कि कैप्टन को ही कांग्रेस मुख्यमंत्री पद का दावेदार प्रोजेक्ट करेगी।