मंडी : सीएम जयराम ठाकुर का कहना है कि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से आजाद प्रत्याशी दयाल प्यारी कुछ लोगों के कहने पर चुनाव लड़ रही है। मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली में हर किसी को चुनाव लड़ने का पूरा अधिकार है। पार्टी किसी एक को ही टिकट दे सकती थी। जिसे पार्टी ने उचित समझा उसे टिकट दे दिया गया है। बाकी दावेदारों को अब उसके लिए काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दयाल प्यारी को संगठन के नेताओं ने काफी समझाया और एक समय तक वह मान भी गई थी। लेकिन बाद में क्या हुआ इस बारे में उन्हें कुछ मालूम नहीं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के कहने पर दयाल प्यारी ने चुनाव मैदान में डटे रहने का निर्णय लिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है। इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। जयराम ठाकुर ने दोहराया कि धर्मशाला और पच्छाद की सीट पर पहले भी भाजपा का कब्जा था और आगे भी रहेगा।
जयराम ठाकुर ने इन्वेस्टर मीट को लेकर पूर्व की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धर्मशाला में जो इन्वेस्टर मीट करने जा रही है। वह पूरी तरह से सुनियोजित ढंग से होने जा रही है। जो संभावित इन्वेस्टमेंट प्रदेश को आनी है। यदि उसकी आधी भी आए तो प्रदेश के विकास को गति मिलेगी। जबकि पूर्व सरकार ने एक करोड़ खर्च करके ऐसी इन्वेस्टर मीट की, जिसका सही ढंग से समापन नहीं किया जा सका।